Ramgarh: रामगढ़ जिले में रविवार को झारखंड सरकार के मंत्री Yogendra Prasad के काफिले के साथ एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। छत्तरमांडू इलाके के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो ने मंत्री की एस्कॉर्ट कर रही पुलिस गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे एस्कॉर्ट वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मंत्री योगेंद्र प्रसाद रांची से सरकारी कार्य निपटाकर अपने आवास लौट रहे थे। उनके काफिले में सबसे आगे चल रही एस्कॉर्ट गाड़ी में सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार समेत चार पुलिस जवान सवार थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे एस्कॉर्ट वाहन से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि एस्कॉर्ट वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि उस समय मंत्री की गाड़ी पीछे चल रही थी, जिससे वे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और काफिले में मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। एस्कॉर्ट गाड़ी में सवार पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।