Bokaro: बोकारो के सिवनडीह क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक टेंट हाउस में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते वहां रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे। लगातार हो रहे विस्फोटों से पूरा इलाका दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार संबंधित टेंट हाउस में गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग का काम भी किया जाता था। आग लगने के बाद कई सिलेंडर एक-एक कर फटते रहे, जिससे आग की लपटें और तेज हो गईं। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकता हैं।