रांची: राजधानी में अपराध नियंत्रण और पुलिस की सक्रियता परखने के लिए रांची के एसएसपी Rakesh Ranjan शुक्रवार देर रात अचानक सड़कों पर उतर आए। 13 मार्च की रात करीब 1 बजे एसएसपी ने शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप
एसएसपी के इस सरप्राइज निरीक्षण की जानकारी पहले से किसी भी थाना या पुलिस पदाधिकारी को नहीं थी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर के कई पेट्रोलिंग प्वाइंट्स पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी और ड्यूटी की स्थिति की जांच की।
इस दौरान Birsa Chowk, मेन रोड (एकरा मस्जिद क्षेत्र), हरमू बायपास रोड और Argora Chowk समेत कई संवेदनशील स्थानों का दौरा किया गया। जांच के दौरान ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर एक पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
जवानों से किया सीधा संवाद
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने नाकेबंदी और चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की। उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर की जांच की और वाहनों की चेकिंग व्यवस्था का भी जायजा लिया। साथ ही गश्ती व्यवस्था और तैनाती को लेकर विस्तृत जानकारी ली।
अपराधियों पर सख्ती के निर्देश
एसएसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि रात के समय संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन जांच की जाए और पीसीआर व टाइगर मोबाइल की गश्त लगातार जारी रहे, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आम लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।