Ranchi: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED की टीम ने सोमवार को कोलकाता, दिल्ली और रांची समेत कुल सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई उर्दू दैनिक अखबार ‘अखबार-ए-मशरिक प्राइवेट लिमिटेड’ और उसके निदेशक व TMC सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की जा रही है।
ED की अलग-अलग टीमों ने संबंधित परिसरों में पहुंचकर दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की। रांची में भी ED की टीम ने एक ठिकाने पर दबिश दी है। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी द्वारा महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और छापेमारी पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।