रांची: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत व पारदर्शी बनाने के लिए बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। मुख्यालय से जारी आदेश में 68 अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि 24 इंस्पेक्टरों को पदोन्नति देकर सहायक कमांडेंट बनाया गया है।
तबादलों की सूची में उप कमांडेंट रंजन कुमार दास गुप्ता को एसएमपीए कोलकाता से बीएसएल बोकारो भेजा गया है। वहीं, रांची रिजर्व बटालियन में तैनात उप कमांडेंट जितेन्द्र जटोलिया को हैदराबाद एयरपोर्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह डीएसटीपीएस दुर्गापुर के उप कमांडेंट शोहिल रफत को दिल्ली मेट्रो में पोस्टिंग दी गई है, जबकि एचईसी रांची के उप कमांडेंट सुरेश चौधरी को आरएचपी पिपरी स्थानांतरित किया गया है।
अन्य तबादलों में इंदौर एयरपोर्ट से सहायक कमांडेंट देवाशीष राय को दुर्गापुर इस्पात संयंत्र, नासिक रिजर्व बटालियन से कृष्ण कुमार को एसएसजी नोएडा और मुंबई एयरपोर्ट से सुभाष चंद्र गुप्ता को प्रयागराज इकाई भेजा गया है।
पदोन्नति के तहत सुप्रिया रक्षित को सहायक कमांडेंट बनाते हुए फरक्का से इस्को बर्नपुर इस्पात संयंत्र भेजा गया है। वहीं, संजीत कुमार को भिलाई इस्पात संयंत्र से रिजर्व बटालियन भिलाई, कामिनी तिवारी को दुर्गापुर से रांची रिजर्व बटालियन और अजोय सिंघा राय को कोलकाता एयरपोर्ट से कोलकाता मुख्यालय में नई जिम्मेदारी दी गई है।
सीआईएसएफ का यह बड़ा फेरबदल संगठन की कार्यक्षमता बढ़ाने और विभिन्न इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।