रांची: कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू के सहयोगी कुंदन कुमार को झारखंड हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है। उसकी ओर से दाखिल क्रिमिनल अपील याचिका को अदालत ने खारिज कर दिया है।
इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद और जस्टिस गौतम कुमार चौधरी की खंडपीठ ने पहले सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था। बुधवार को अदालत ने अपना निर्णय सुनाते हुए कुंदन की अपील को अस्वीकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार कुंदन कुमार पर आरोप है कि वह अमन साहू के इशारे पर लातेहार जिले में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था। वर्ष 2022 में उस पर कोयला कारोबारियों से लेवी मांगने और रकम नहीं मिलने पर कई ट्रकों में आग लगाने का आरोप लगा था। इस घटना में दर्जनों ट्रकों को फूंक दिया गया था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।