JPSC-JSSC विवाद पर सरकार और छात्रों की फिर बातचीत, स्टेट गेस्ट हाउस में शुरू हुई अहम बैठक

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सरकार और अभ्यर्थियों के बीच एक बार फिर बातचीत का दौर शुरू हो गया है। शनिवार को मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और सरकार की ओर से गठित मंत्रियों की टीम के बीच बैठक हो रही है।

सरकार की ओर से वार्ता में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू, संजय कुमार यादव और चमरा लिंडा मौजूद हैं। वहीं छात्रों की तरफ से दीनबंधु मंडल, पूजा कुमारी, चंदन कुमार, बिमल कुमार, प्रेम कुमार, रविशंकर, अमित कुमार शर्मा और रामावतार महतो बातचीत में शामिल हैं।

इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी सरकार ने आंदोलन कर रहे छात्रों के एक अन्य गुट के प्रतिनिधियों से बातचीत की थी। हालांकि उस बैठक से कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया था। इसके बावजूद सरकार ने बातचीत का सिलसिला जारी रखा है और छात्रों की मांगों पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है।

वहीं, आज वार्ता में शामिल छात्र गुट के समर्थन में जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। ऐसे में छात्रों और सरकार के बीच हो रही यह बैठक आंदोलन के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बैठक में छात्रों की मांगों पर सरकार क्या रुख अपनाती है और क्या लंबे समय से जारी JPSC-JSSC विवाद को लेकर कोई ठोस समाधान निकल पाता है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *