रांची: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर 2026 को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की उपस्थिति में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मार्च के आयोजन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्य के सभी जिलों में चल रहे चौपाल कार्यक्रम को 18 नवंबर से फिर गति दी जाएगी। इसके तहत मतदाता सूची से नाम कटने के मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक जिले में कम से कम 10 ऐसे लोगों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है, जो जीवित हैं और वर्ष 2003 से लगातार मतदान करते आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है। कांग्रेस इन लोगों की समस्याओं को सामने लाकर उनके नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने का मुद्दा उठाएगी।
इसके साथ ही नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। अक्टूबर 2026 में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से फॉर्म-6 भरवाकर उन्हें मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।बैठक में निगरानी समिति के संयोजक अनादि ब्रह्म, लाल किशोर नाथ सहदेव, डॉ. एम. तौसीफ, आहार पप्पू और जितेंद्र द्विवेदी उपस्थित थे। यह जानकारी डॉ. एम. तौसीफ, मीडिया संयोजक, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दी।