Ranchi: रांची में लगातार मिल रही बम धमकियों से एक बार फिर हड़कंप मच गया है। सिविल कोर्ट के बाद अब रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में चल रहे पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से यह धमकी भेजी है।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू की। सुरक्षा के मद्देनजर पासपोर्ट ऑफिस और आसपास के इलाके की गहराई से जांच की जा रही है।
हालांकि अब तक तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी रांची सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही गई थी। इस घटना के बाद से ही शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।