रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी रांची में श्री सनातन महापंचायत के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में 251 राम ध्वज के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। पूरा शहर जय श्री राम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।
पंडरा, बजरा सहित विभिन्न अखाड़ों से निकली यह शोभायात्रा पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर रातू रोड, महावीर चौक, प्राचीन महावीर मंदिर और फिरायालाल चौक होते हुए तपोवन मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना की और फिर अपने-अपने अखाड़ों में वापस लौट गए।
शोभायात्रा के दौरान रामभक्तों ने पारंपरिक वेशभूषा में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन और हैरतअंगेज करतब दिखाए, जो आकर्षण का केंद्र रहा। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
इस आयोजन का नेतृत्व श्री सनातन महापंचायत के मुख्य संयोजक ललित नारायण ओझा ने किया। उनके साथ केंद्रीय संयोजक संजय कुमार जायसवाल और दीपक ओझा भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। इनमें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची के विधायक सीपी सिंह और केंद्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
शहर की विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने राम नाम के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
इस भव्य आयोजन में ललित कुमार ओझा, शशांक राज, संजय मिनोचा, कृपा शंकर सिंह, मंतोष सिंह, मुकेश पांडे, विशाल पांडेय, नीतीश भारद्वाज, बब्बन बैठा, अटल पांडेय, विवेक कुमार, अशोक यादव, अमित चौधरी, प्रमोद सारस्वत, राजकुमार पाठक, युवराज पासवान, मंटू दुबे, रंधीर रजक, सत्यजीत सिंह, अमिताभ धीरज, आकाश चतुर्वेदी, रमाशंकर तिवारी, उमेश साहू, नकुल तिर्की, मृत्युंजय पाठक, ब्रजेश शर्मा, सोनू कुमार, शुभम जायसवाल, काशीनाथ महतो, प्रवीण मिश्रा सहित सैकड़ों रामभक्त शामिल हुए।
रामनवमी महोत्सव के इस आयोजन ने रांची में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण पेश किया।