हजारीबाग में दो घटनाएं: बाल सुधार गृह से बालक फरार, दूसरी ओर भागने की कोशिश में गैंग का आरोपी पकड़ा गया

Mahak Kumari
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

हजारीबाग: हजारीबाग में शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी दो घटनाएं सामने आईं। शहर के बाल सुधार गृह से एक बालक फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। वहीं, एके इंटरनेशनल होटल गोलीकांड और राहुल दुबे गैंग से जुड़े गिरफ्तार अभियुक्त तुषार मिश्रा ने पुलिस रिमांड के दौरान भागने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए।

बाल सुधार गृह की चारदीवारी फांदकर फरार हुआ बालक

शहर स्थित बाल सुधार गृह से शुक्रवार को एक बालक फरार हो गया। घटना के बाद संप्रेषण गृह के गृहपति ने लोहसिंघना थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि बालक सीढ़ी के सहारे चारदीवारी पर चढ़ा और दूसरी ओर छलांग लगाकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और शहर समेत आसपास के इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी। पुलिस बालक के घर भी पहुंची और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर तलाश तेज कर दी है।

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि फरार बालक को हाल में चोरी के मामले में पकड़ा गया था। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही बालक को पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की

दूसरी घटना हजारीबाग कोर्रा थाना कांड संख्या 205/26 से जुड़ी है। एके इंटरनेशनल होटल गोलीकांड मामले में गिरफ्तार और राहुल दुबे गैंग से जुड़े अभियुक्त तुषार मिश्रा को पूछताछ के लिए रामगढ़ जेल से पुलिस रिमांड पर हजारीबाग लाया जा रहा था।

इसी दौरान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी मोड़ के पास उसने शौच जाने के बहाने वाहन से उतरकर भागने की कोशिश की। हालांकि, साथ चल रहे सुरक्षा बलों ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पकड़ने के दौरान तुषार मिश्रा के पैर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया। इस दौरान आरोपी को पकड़ने में कोर्रा थाना के एसआई पनु महतो भी घायल हो गए। उनका भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

देर रात अस्पताल पहुंचे एसपी, आरोपी से की पूछताछ

घटना की सूचना मिलने के बाद हजारीबाग एसपी अमन कुमार देर रात करीब 12 बजे सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती गिरफ्तार आरोपी तुषार मिश्रा से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

एसपी ने कहा कि होटल गोलीकांड मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है और आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *