रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अब झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया है। उन्होंने स्पेशल PMLA कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने से इनकार किया गया था। हेमंत सोरेन की ओर से दाखिल क्रिमिनल रिट याचिका मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थी। हालांकि, मामले में विस्तृत सुनवाई नहीं हो सकी। अब हाईकोर्ट बुधवार को दोपहर 2:15 बजे इस मामले पर सुनवाई करेगा।
21 सितंबर के PMLA कोर्ट के आदेश को चुनौती
मुख्यमंत्री ने स्पेशल PMLA कोर्ट के 21 सितंबर को दिए गए आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उनकी ओर से मांग की गई है कि जब तक ED की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनके खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया को आगे न बढ़ाया जाए। इससे पहले PMLA कोर्ट ने आरोप तय करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग को खारिज कर दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई।
पहले तय होगी याचिका की स्वीकार्यता
हाईकोर्ट में बुधवार को मुख्य रूप से याचिका की मेंटनेबिलिटी यानी स्वीकार्यता के मुद्दे पर सुनवाई होनी है। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस एम. एस. सोनक और न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद की खंडपीठ करेगी। अब सबकी नजर बुधवार की सुनवाई पर है, जहां हाईकोर्ट यह तय करेगा कि मुख्यमंत्री की ओर से दाखिल याचिका सुनवाई योग्य है या नहीं।