जमशेदपुर में गुरुवार की सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। मरीन ड्राइव के पास एक कार की ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी भी शामिल हैं।
टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे
बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार में थी और सड़क पर मौजूद ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
मंत्री के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत की खबर से परिवार और करीबियों में मातम पसरा है। एक साथ चार लोगों की जान जाने की खबर ने इलाके में भी शोक का माहौल पैदा कर दिया।
CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा शोक
घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक घटना की खबर से उनका मन अत्यंत व्यथित है। मुख्यमंत्री ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह सहित सभी शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।
हादसे की वजह की जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। सड़क पर खड़े ट्रक और कार की टक्कर से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।