Dhanbad: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार रविवार सुबह धनबाद पहुंचे। बरवाअड्डा हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल के आगमन को लेकर सुबह से ही एयरपोर्ट से लेकर शहर तक प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। हवाईअड्डे पर एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राज्यपाल को बुके भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्हें जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। स्वागत समारोह के बाद राज्यपाल सड़क मार्ग से आईआईटी-आईएसएम के लिए रवाना हुए। यहां गोल्डन जुबली लेक्चर थियेटर और पेनमैन ऑडिटोरियम में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में उन्होंने मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया।
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एयरपोर्ट से आईआईटी-आईएसएम तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई। प्रमुख चौक-चौराहों और कारकेड रूट पर विशेष निगरानी रखी गई। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मोबाइल पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करती रही। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय टीम और एंबुलेंस को भी रूट पर तैनात रखा गया था।