रांची: राजधानी रांची के सैनिक मार्केट में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रतिष्ठित आजाद फार्मेसी में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
बताया जा रहा है कि आग लगने की शुरुआिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के अंदर से अचानक धुएं का गुबार उठने लगा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान संचालक और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी।
दमकल की टीम ने समय रहते पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सैनिक मार्केट पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से आसपास की अन्य दुकानों और इलाके में बड़ा नुकसान होने से बच गया।
दवाइयां और सामान जलकर खाक
आग की चपेट में आने से फार्मेसी में रखी बड़ी मात्रा में दवाइयां और अन्य सामान जलकर बर्बाद हो गए। दुकान संचालक की ओर से फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये की दवाइयों और संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली है। आग लगने के कारणों और नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।