Ranchi: चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के कथित अपहरण की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामला जनप्रतिनिधि के बेटे से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने बिना देरी किए जांच शुरू कर दी। कुछ ही घंटों की कार्रवाई के बाद सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया गया।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि सौरभ का किसी अपराधी या गिरोह ने अपहरण नहीं किया था। वह बिना परिजनों को बताए अपने दोस्तों के साथ बाहर चला गया था। हालांकि, उसके अचानक गायब होने के बाद परिजनों को अपहरण की आशंका हुई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सौरभ की लोकेशन की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और उसके संपर्क में रहने वाले दोस्तों से भी पूछताछ की गई। लगातार जांच और लोकेशन ट्रेसिंग के बाद पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में सौरभ को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में अपहरण जैसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां एक बड़ी अनहोनी की आशंका खत्म हुई, वहीं पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर भी सामने आ गई।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सौरभ को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।