रांची: झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आज से झारखंड आदिवासी महोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। दो दिवसीय यह महोत्सव 9 और 10 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें झारखंड की आदिवासी कला, लोक परंपरा, जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत की खास झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव को राज्य की जनजातीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य केवल संस्कृति का प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और विरासत से जोड़ना भी है।
दोपहर 1:30 बजे होगा भव्य उद्घाटन
झारखंड आदिवासी महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन रविवार को दोपहर 1:30 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में आदिवासी लोक कला, पारंपरिक नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए झारखंड की जनजातीय विरासत की भव्य तस्वीर पेश की जाएगी।
राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि, सीएम हेमंत सोरेन भी रहेंगे मौजूद
उद्घाटन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक समेत कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। दो दिनों तक मोरहाबादी मैदान में आदिवासी समाज की कला, संस्कृति, परंपरागत जीवनशैली और गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा। महोत्सव के जरिए झारखंड की जनजातीय अस्मिता को व्यापक मंच देने के साथ आदिवासी विरासत को संरक्षित और आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया जाएगा।मोरहाबादी मैदान में आज से शुरू हो रहा यह महोत्सव झारखंड की आदिवासी पहचान, संस्कृति और गौरव को समर्पित एक बड़ा सांस्कृतिक मंच बनने जा रहा है।