रांची: नीट पेपर लीक मामले को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। छात्रों के भविष्य के साथ कथित खिलवाड़ और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस 23 जुलाई को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करेगी। साथ ही राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में उपायुक्त कार्यालयों के समक्ष धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ एक परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाय आंदोलन कर रहे युवाओं पर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है।
कांग्रेस ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की भी कड़ी आलोचना की। सोनाल शांति ने कहा कि छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवाद से बच रही है और युवाओं के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और केंद्र सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर करेगी।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें
- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा।
- आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज सभी FIR की अविलंब वापसी।
- NEET पेपर लीक और कथित धांधली मामले पर संसद में विस्तृत चर्चा।