रांची/नई दिल्ली: नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 का समापन गुरुवार को हुआ। इस दौरान झारखंड सरकार ने उद्योग, आईटी और पर्यटन क्षेत्र में 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक के 14 एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
समापन सत्र में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अब सिर्फ खनिज संपदा वाला राज्य नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार, तकनीक और मानव संसाधन के आधार पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘माइन्स टू माइंड्स’ विजन के तहत राज्य को रिसर्च और इनोवेशन का हब बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 14 एमओयू में 10 उद्योग विभाग, 2 आईटी विभाग और 2 पर्यटन विभाग से जुड़े हैं। इनसे मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल गवर्नेंस, एआई, पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सीएम ने कहा कि ये समझौते केवल एमओयू नहीं, बल्कि झारखंड के विकास और निवेशकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक हैं। सरकार सभी परियोजनाओं को समय पर धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।