रांची: आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से रांची पुलिस आज (बुधवार) जिले के सभी थाना और ओपी में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह पहल एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित थाना प्रभारी के साथ जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। लोग अपनी शिकायत, आवेदन और समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
रांची पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता को उनकी शिकायतों के समाधान के लिए एक सुलभ मंच उपलब्ध कराना और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाना है।
इन थानों और ओपी में होगा आयोजन
जिले के लालपुर, कोतवाली, सुखदेवनगर, अरगोड़ा, हिंदपीढ़ी, चुटिया, गोंदा, बरियातू, धुर्वा, जगरनाथपुर, नामकुम, टाटीसिल्वे, नगड़ी, रातू, सिकिदिरी, अनगड़ा, ईटकी, बेड़ो, बुढ़मू, खलारी, बुण्डू, तमाड़, डेली मार्केट, लोअर बाजार, सदर, डोरंडा, कांके, पिठोरिया, विधानसभा, ओरमांझी, सिल्ली सहित सभी थाना और ओपी में अलग-अलग निर्धारित समय पर जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने संबंधित थाना क्षेत्र में निर्धारित समय पर पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका त्वरित और निष्पक्ष समाधान किया जा सके।