रांची: राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है, जहां थाना परिसर से महज कुछ दूरी पर शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला चेन स्नैचिंग का शिकार हो गई। घटना अर्पण विला, विद्यापति मार्ग, तेतर टोली गेट के पास की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला सड़क से गुजर रही थीं। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश उनके करीब पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। पूरी वारदात कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई, जिससे महिला संभल भी नहीं सकीं।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल इसकी सूचना बरियातू थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
थाना के ठीक पीछे हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।