रांची: आज दिनांक 22 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक (नगर) रांची एवं पुलिस अधीक्षक (यातायात) रांची के नेतृत्व में रांची स्थित गुरु नानक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, साइबर अपराध की रोकथाम तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने छात्रों को किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तुरंत अभिभावकों और पुलिस को देने की सलाह दी।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदारी से व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास और जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।