Ranchi: में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष Babulal Marandi ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी सोच और मानसिकता को देश के सामने उजागर कर दिया है। मरांडी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस समाज में विभाजन पैदा कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है, क्योंकि देशभर में उसका जनाधार लगातार कमजोर हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास आदिवासियों के हितों के खिलाफ रहा है। वर्ष 1996 में पेसा कानून के नियमों के जरिए आदिवासियों के अधिकारों को कमजोर करने का काम कांग्रेस ने ही किया था। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस को अपने पुराने फैसलों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
आदिवासियों को हिंदू बनाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरना, सनातन और हिंदू परंपराएं प्रकृति पूजा से जुड़ी हुई हैं और इनमें किसी प्रकार का टकराव नहीं है। उन्होंने कहा कि “हिंदू बनाने” जैसी कोई परंपरा नहीं होती, बल्कि लोग अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहते हैं।
मरांडी ने कांग्रेस पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी केवल जनजातीय देवी-देवताओं, प्रकृति पूजा और धार्मिक स्थलों के संरक्षण की बात करती है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की संस्कृति और आस्था का सम्मान करना बीजेपी की प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के नाम पर केवल राजनीति कर रही है और समाज को बांटने का प्रयास कर रही है, जबकि बीजेपी समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को बचाने का काम कर रही है।