Ranchi: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पलमा–गुमला खंड स्थित NH-43 के अंजनधाम टोल प्लाजा परिसर में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी श्री एम.टी. अत्तरदे ने कल्पतरु सहित कई पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया।
श्री अत्तरदे ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य देने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे हरित आवरण बढ़ाने से प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलती है।
NHAI द्वारा “ग्रीन हाईवे” की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए राजमार्ग परियोजनाओं में पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत नियमित रूप से वृक्षारोपण, सौंदर्यीकरण और हरित विकास से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि हरित राजमार्ग यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के साथ-साथ सड़क किनारे के क्षेत्रों में पर्यावरणीय संतुलन को भी मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।