रांची: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पीजी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की अप्रैल माह की प्रगति रिपोर्ट जारी की है. रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतों के निष्पादन में तेजी आई है, लेकिन अब भी बड़ी संख्या में मामले लंबित हैं. खास बात यह है कि 21 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों की संख्या 520 बताई गई है, जिसे लेकर चिंता जताई जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 अप्रैल तक पुलिस मुख्यालय के पास कुल 778 शिकायतें लंबित थीं. अप्रैल महीने के दौरान पीजी पोर्टल पर 206 नई शिकायतें दर्ज हुईं. वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 329 मामलों का निष्पादन किया. इसके बाद 30 अप्रैल तक लंबित मामलों की संख्या घटकर 655 रह गई.
हालांकि लंबित मामलों में कमी आई है, लेकिन तय समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निपटारा अब भी बड़ी चुनौती बना हुआ है. आंकड़ों के अनुसार, कुल लंबित मामलों में से 520 शिकायतें ऐसी हैं, जो 21 दिनों की निर्धारित समय-सीमा को पार कर चुकी हैं. इससे साफ है कि शिकायतों के निष्पादन की गति बढ़ाने की जरूरत है, ताकि लोगों को समय पर न्याय और राहत मिल सके.
क्या है PG पोर्टल?
झारखंड पुलिस का पीजी पोर्टल दरअसल केंद्र सरकार की सीपीग्राम्स (CPGRAMS – Centralized Public Grievance Redress and Monitoring System) प्रणाली का हिस्सा है. यह एक ऑनलाइन मंच है, जहां राज्य के नागरिक पुलिस से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं. पोर्टल के जरिए शिकायतों की निगरानी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है.