Bokaro: झारखंड के Bokaro में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र स्थित फोरलेन किनारे चल रहे एक कथित अवैध डीजल गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम में भारी मात्रा में डीजल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ ड्रमों में रखे गए थे। आग लगते ही ड्रमों में धमाके होने लगे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकल आए। आग की ऊंची लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह गोदाम लंबे समय से अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को बुलाना पड़ा।
कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।