Ranchi : चतरा जिले के मयूरहंड थाना प्रभारी आशीष प्रसाद पर पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कर्तव्य पालन में लापरवाही और विभागीय कार्यों में शिथिलता बरतने के आरोप में यह कदम उठाया गया.
जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ समय से मयूरहंड थाना की कार्यप्रणाली और थाना प्रभारी के व्यवहार को लेकर जिला पुलिस मुख्यालय को लगातार गोपनीय शिकायतें मिल रही थीं. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने आंतरिक जांच के निर्देश दिए थे.
प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद एसपी ने आशीष प्रसाद को निलंबित करते हुए पुलिस लाइन क्लोज कर दिया. पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त संदेश माना जा रहा है.