रांची: राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में हुए कमलेश कुमार हत्याकांड का पुलिस ने तेजी से खुलासा कर दिया है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित टीम ने इस मामले में मृतक की कथित प्रेमिका, उसके पति और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश रची गई थी।
3 मई को मानकी डीपा रिंग रोड के किनारे कमलेश कुमार का शव बरामद हुआ था। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी कहानी बदल दी। पुलिस ने पाया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी शिवनाथ कुमार सिंह को अपनी पत्नी अंगिता देवी और कमलेश कुमार के बीच अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई थी। इसी के चलते उसने बदला लेने के लिए हत्या की योजना बनाई। कमलेश की हत्या शिवनाथ के जानुम हाहे स्थित घर में की गई।
इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपियों ने शव को एक हाईवा ट्रक में लादकर रिंग रोड तक पहुंचाया और सड़क किनारे फेंक दिया। मामले को दुर्घटना दिखाने के लिए शव पर ट्रक का पहिया भी चढ़ाया गया, ताकि इसे हिट-एंड-रन का मामला माना जाए।
फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।