चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगल बुधवार को अचानक गोलियों की आवाज से गूंज उठे, जब सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि यह भिड़ंत एक करोड़ के इनामी माओवादी कमांडर मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम पिछले कुछ दिनों से सर्च ऑपरेशन चला रही थी। बुधवार को जंगल के अंदर तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों का सामना नक्सलियों से हो गया।
सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
इस मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है, जिसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा से रांची एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कई नक्सलियों के घायल या मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घने जंगल और दुर्गम इलाके के कारण अब तक किसी नक्सली का शव बरामद नहीं हो सका है। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है और सुरक्षाबल पूरी तरह सतर्क हैं।