जमशेदपुर: जादूगोड़ा स्थित कांस्टेबल ट्रेनिंग सेंटर (CTC) में एक प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना के बाद साथी जवानों ने आक्रोश जताते हुए अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। देर रात तक माहौल गरम बना रहा।
मृतक की पहचान बजरंगी यादव के रूप में हुई है, जो रांची जिला बल में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और फिलहाल प्रशिक्षण के लिए CTC में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, बजरंगी यादव पिछले कई दिनों से बीमार थे। मंगलवार दोपहर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें तुरंत UCIL अस्पताल ले जाया गया, जहां शाम के समय इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जवानों ने आरोप लगाया है कि बीमार होने के बावजूद बजरंगी को छुट्टी नहीं दी गई और उनकी हालत को नजरअंदाज किया गया। उनका कहना है कि प्रशिक्षण केंद्र में छुट्टी मांगने पर दबाव बनाया जाता है और सस्पेंड करने तक की धमकी दी जाती है। साथ ही, मानसिक प्रताड़ना के भी आरोप लगाए गए हैं।
प्रशिक्षु जवानों का यह भी कहना है कि परीक्षा पूरी हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पासिंग आउट परेड नहीं कराई गई है, जिससे वे मानसिक दबाव में हैं।
घटना के बाद नाराज जवानों ने नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि समय पर उचित इलाज या छुट्टी मिलती, तो शायद बजरंगी यादव की जान बचाई जा सकती थी।