रांची: रामनवमी के पावन अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन के साथ राजधानी रांची के चुटिया स्थित निवारणपुर के प्रसिद्ध तपोवन मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीराम और माता जानकी की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। जय श्रीराम के उद्घोष के बीच मुख्यमंत्री ने पूजा संपन्न की और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि रामनवमी का पर्व हमारी एकता, भाईचारे और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है। यदि हम श्रीराम के आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में उतारें, तो समाज में सुख, शांति और समरसता स्थापित हो सकती है।
उन्होंने अंत में झारखंडवासियों की खुशहाली, उन्नति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।