रांची: ट्रांसजेंडर अमेंडमेंट बिल 2026 को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर बिल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बिल को वापस लेने की मांग की। उनका कहना है कि प्रस्तावित प्रावधान उनके अधिकारों और पहचान को प्रभावित कर सकते हैं।
समुदाय के सदस्यों का आरोप है कि नए बिल में थर्ड जेंडर की पहचान के लिए मेडिकल प्रमाण अनिवार्य करने की बात कही गई है, जो पहले नहीं थी। उनका मानना है कि यह व्यवस्था उनकी आत्म-पहचान की स्वतंत्रता को कमजोर करती है।
प्रदर्शन में शामिल साध्वी अमरजीत ने कहा कि ऐसे प्रावधान लागू होने से ट्रांसजेंडर समुदाय के अस्तित्व पर संकट आ सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय को 2 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा अभी तक पूरा नहीं हुआ है।
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड सरकार से मांग की कि इस बिल को राज्य में लागू न किया जाए और ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।