पुंदाग के सेल सिटी फ्लैट में भीषण आग, सिलेंडर ब्लास्ट से मचा हड़कंप—बच्चों की बहादुरी से बची जान

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची: रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र अंतर्गत सेल सिटी में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब फ्लैट में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

यह घटना सेल सिटी के ब्लॉक E-1 स्थित एक फ्लैट की है। आग लगने के बाद देखते ही देखते पूरे घर में लपटें फैल गईं और सिलेंडर ब्लास्ट के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

फ्लैट में रहने वाले अभिषेक राज और उनकी पत्नी घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। दोनों बैंक में कार्यरत हैं और ड्यूटी पर गए हुए थे। घर में उनके दो छोटे बच्चे—एक बेटा और एक बेटी—अकेले थे। ऐसे में बच्चों ने जिस साहस और समझदारी का परिचय दिया, उसने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। बड़े बच्चे ने अपनी सूझबूझ से न सिर्फ खुद को संभाला, बल्कि अपनी छोटी बहन को भी सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत गार्ड को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फ्लैट के अंदर रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था।

इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वहीं, बच्चों की बहादुरी और त्वरित निर्णय ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। फिलहाल सभी लोग सुरक्षित हैं, लेकिन घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *