Ranchi: शहर में LPG गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि रांची में गैस की कोई कमी नहीं है। गुरुवार देर शाम उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में गैस कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस की उपलब्धता और सप्लाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।
बैठक में कंपनियों ने बताया कि शहर में रोजाना बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं। इंडेन (IOCL) की ओर से प्रतिदिन लगभग 10,500 LPG सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है। वहीं HPCL और BPCL मिलकर करीब 2000 सिलेंडर रोजाना सप्लाई कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अधिक बुकिंग के कारण कुछ तकनीकी दिक्कतें आई हैं, लेकिन स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।
घबराकर बुकिंग न करें
गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पैनिक होकर बुकिंग न करें। अचानक ज्यादा बुकिंग आने से सर्वर पर दबाव बढ़ गया है, इसलिए सिस्टम को अपग्रेड किया जा रहा है। अपग्रेडेशन के बाद बुकिंग प्रक्रिया सामान्य हो जाएगी।
जरूरत पड़ने पर छोटा सिलेंडर उपलब्ध
अगर किसी उपभोक्ता को तुरंत गैस की जरूरत हो, तो HPCL और BPCL के 5 लीटर वाले छोटे सिलेंडर बाजार में उपलब्ध हैं। इन्हें आधार कार्ड दिखाकर खरीदा जा सकता है।
PNG कनेक्शन का विकल्प
बैठक में यह भी बताया गया कि रांची में 24 हजार से ज्यादा घरों में PNG पाइपलाइन गैस कनेक्शन दिया जा चुका है। जिन अपार्टमेंट में पाइपलाइन की सुविधा है, वहां रहने वाले लोग टोल फ्री नंबर 18001231211 पर कॉल कर नया कनेक्शन ले सकते हैं।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं ऐसी गतिविधि की जानकारी मिले, तो लोग अबुआ साथी नंबर 9430328080 पर सूचना दें। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।