बोकारो: जिले के बालीडीह ओपी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक कुख्यात बदमाश घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रिंस गुप्ता उर्फ प्रिंस भाटिया के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस ऑपरेशन में कुल 6 अपराधियों को पकड़ा गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह इलाके में प्रिंस गुप्ता अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात की तैयारी में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई और इलाके में छापेमारी शुरू की गई।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, खुद को घिरा देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पहले सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन लगातार हो रही गोलीबारी के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। इसी दौरान प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल अपराधी को तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल भेजा गया, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी हरविंदर सिंह, सिटी डीएसपी आलोक रंजन सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रिंस गुप्ता का संबंध कुख्यात गैंग से है और वह लंबे समय से कोयलांचल और बोकारो इलाके में रंगदारी वसूली और धमकी देने जैसे मामलों में सक्रिय रहा है। हाल ही में उसने एक फैक्ट्री मैनेजर को जान से मारने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग भी की थी।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गैंग के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।