रांची: रांची की राजधानी में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। यह घटना चुटिया थाना क्षेत्र स्थित सिरमटोली ब्रिज के पास हुई।
मृतक युवक की पहचान क्लाजिस केरकेट्टा के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, वह सिरमटोली ब्रिज पर स्कूटी चलाना सीख रहा था। इसी दौरान अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।