चतरा/रांची: झारखंड के कोयलांचल इलाके में एक बार फिर उग्रवादी संगठन TPC की धमकी से दहशत फैल गई है। संगठन ने हालिया गोलीबारी की घटनाओं की जिम्मेदारी लेते हुए व्यापारियों और ठेकेदारों को सख्त चेतावनी जारी की है। हस्तलिखित पर्चे के जरिए TPC ने साफ कर दिया है कि उनके निर्देशों की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोलीबारी के पीछे TPC का हाथ
जारी पर्चे में बताया गया है कि गुरुवार सुबह मैक्लुस्कीगंज के मुंडाचौड़ा और पिपरवार के छह नंबर कांटा घर के पास हुई फायरिंग संगठन के निर्देश पर की गई थी। इस घटना में वासुदेव गंझू घायल हुए हैं। संगठन के सदस्य ऋषिकेश जी ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
आदेश न मानने वालों को निशाना
TPC का कहना है कि पिपरवार और अशोका क्षेत्र में काम कर रहे डीओ होल्डर, लिप्टर और अन्य लोग संगठन के निर्देशों को नजरअंदाज कर रहे थे। इसी के चलते इन घटनाओं को अंजाम दिया गया।
कई इलाकों में अल्टीमेटम
संगठन ने पिपरवार, अशोका, केडीएच, डकरा, रोहिणी, चूरी और पुरनाडीह जैसे इलाकों में सक्रिय लोगों को चेतावनी दी है कि वे काम शुरू करने से पहले संगठन से संपर्क करें। अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
दहशत में कोयलांचल
इस धमकी भरे पर्चे के सामने आने के बाद पूरे कोयलांचल क्षेत्र में डर का माहौल है। व्यापारी और ठेकेदार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वहीं पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।