रांची: त्योहारों के इस खास मौसम में झारखंड सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री राज्य मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं को जनवरी और फरवरी माह की बकाया राशि एक साथ उनके बैंक खातों में भेजने का निर्णय लिया गया है।
होली और ईद जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है, ताकि महिलाओं को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त आर्थिक सहयोग मिल सके। आम तौर पर योजना की राशि हर महीने अलग-अलग किस्तों में दी जाती है, लेकिन इस बार दो महीनों की किस्त एकमुश्त जारी की जाएगी।
सरकार का मानना है कि त्योहारों के समय घर-परिवार के खर्च बढ़ जाते हैं। ऐसे में समय पर आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को राहत मिलेगी और वे बिना किसी आर्थिक दबाव के अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना सकेंगी।
इस फैसले से राज्य की लाखों पात्र महिलाओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है, साथ ही यह कदम महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।