रांची-धनबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, प्रिंस खान गिरोह के दो बदमाश मुठभेड़ में घायल

Mahak Kumari
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
YouTube Channel Subscribe

रांची/धनबाद: झारखंड में सक्रिय कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ रांची और धनबाद पुलिस ने सोमवार सुबह संयुक्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। धनबाद में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें गिरोह के लोकल हैंडलर कुबेर समेत दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सूचना मिली थी कि कई जिलों में रंगदारी और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिलाने वाला कुबेर धनबाद में छिपा हुआ है। इसके बाद धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार और रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने संयुक्त रणनीति बनाते हुए एक विशेष ज्वाइंट ऑपरेशन टीम का गठन किया।

टीम ने धनबाद में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। इसी दौरान कुबेर और उसके साथ मौजूद एक अन्य अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों को गोली लग गई। इस दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े कुछ अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है।

इस कार्रवाई के साथ ही रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में स्थित टीटोस फैमिली रेस्टोरेंट में हुए हत्या कांड की गुत्थी भी सुलझ गई है। आठ मार्च की रात होटल के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच के लिए रांची पुलिस ने विशेष टीम बनाई थी, जो लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि इस वारदात से जुड़े अपराधी धनबाद में छिपे हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया, जिसके दौरान दो अपराधियों को गोली लगी और मामले से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *