रांची: आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी सिलसिले में रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने केंद्रीय शांति समिति के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में डीसी, एसएसपी, एसडीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी समेत शांति समिति के सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है। वहीं शोभायात्रा और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और अतिरिक्त सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। पुलिस को असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है।
साथ ही नागरिक सुविधाओं पर भी जोर दिया गया। जुलूस मार्गों पर सफाई अभियान चलाने, झूलते बिजली तारों को दुरुस्त करने, पेयजल की व्यवस्था करने और खराब सड़कों की मरम्मत कराने की बात कही गई।
एसएसपी ने लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सभी त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।