रांची: राजधानी रांची के कई थाना क्षेत्रों में अवैध देह व्यापार के खिलाफ पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी की जा रही है। इस दौरान कई लड़के और लड़कियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर के होटलों, लॉज और किराए के मकानों में लंबे समय से सेक्स रैकेट संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इसी के मद्देनजर विशेष टीम का गठन कर समन्वित अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मौके से आपत्तिजनक सामग्री और कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस सभी हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान और पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। इस पूरे मामले में रैकेट संचालकों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
रांची पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।