Bokaro: झारखंड के बोकारो में मंगलवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब पत्थरकट्टा चौक इलाके में आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस पर जमकर पथराव किया गया और मौके पर खड़ी एक कार में आग लगा दी गई। घटना के दौरान पुलिस के साथ आरोपियों की पहचान कराने गया युवक कुणाल सिंह भी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है।
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले पत्थरकट्टा चौक पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इसी मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ आरोपी सेक्टर-8 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के आसपास छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की पहचान के लिए कुणाल सिंह को साथ लेकर मौके पर पहुंची।
जैसे ही पुलिस टीम स्कूल के पीछे वाले हिस्से में पहुंची, वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा घेराबंदी करने पर अचानक भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा।
इसी दौरान उपद्रवियों ने वहां खड़ी कार (JH15AG-1267) को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पथराव के दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद सबसे बड़ी चिंता कुणाल सिंह को लेकर बनी हुई है। हंगामे के बीच वह अचानक लापता हो गया और अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और लापता युवक की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।