Giridih: गिरिडीह में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने मनरेगा योजना से जुड़े एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। हजारीबाग एसीबी की टीम ने शनिवार को धनवार प्रखंड में तैनात जेई अंकुश कुमार को 5,000 रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, महेश कुमार साव नामक लाभुक ने अपने क्षेत्र में सरकारी योजना के तहत डोभा (तालाब) का निर्माण कराया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बिल पास कराने और कागजी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में जेई अंकुश कुमार लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। कई बार अनुरोध के बावजूद जब बिना पैसे काम करने से इनकार कर दिया गया, तब पीड़ित ने एसीबी से शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत जैसे ही महेश कुमार साव ने आरोपी जेई को 5,000 रुपये दिए, मौके पर पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान जेई के पास से वही रकम बरामद की गई, जिस पर केमिकल लगाया गया था। फिलहाल एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।