रांची: रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अहम सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में रामपुर गांव की दो मिठाई दुकानों से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि रामपुर गांव में चोरी-छिपे अंग्रेजी शराब की बिक्री की जा रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिल्ली पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद सिल्ली थाना प्रभारी नवीन कुमार के नेतृत्व में टीम ने रामपुर चौक स्थित बलराम साहू के “विक्की बंटी मिष्ठान भंडार” और प्रकाश साहू के “सनाया स्वीट्स” में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकानों से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध कारोबारियों में डर का माहौल है।