बोकारो: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के झारखंड महासचिव सह मीडिया प्रभारी कैलाश यादव का गुरुवार को बोकारो आगमन हुआ, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे कार्यक्रम में संगठन की सक्रियता साफ नजर आई।
अपने दौरे के क्रम में कैलाश यादव सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने स्वामी सत्य कृष्णा महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे बोकारो पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर कैप्टन रामचंद्र यादव के निधन की सूचना पर गहरा दुख जताते हुए उनके आवास पहुंचे। वहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और दिवंगत की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कैलाश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से आम जनता त्रस्त है और राज्य सरकार कई मोर्चों पर विफल साबित हुई है। खासकर कानून-व्यवस्था, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि राजद लगातार जनता की आवाज उठा रही है और आने वाले समय में इसका व्यापक असर दिखेगा।
इस मौके पर नव प्रदेश अखबार के बोकारो जिला ब्यूरो देवेंद्र कुमार, राजद नेता अवधेश यादव सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।