रांची: होली पर्व को देखते हुए अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चला रहे रांची उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू इलाके में एक मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सहायक आयुक्त उत्पाद उमाशंकर सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को उत्पाद विभाग के अधिकारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में टीम ने हिनू में एक घर पर रेड की।
छापेमारी के दौरान घर में चोरी-छिपे विदेशी शराब बनाने का काम किया जा रहा था। मौके से कई पेटी तैयार नकली शराब, बोतलें, लेबल और शराब निर्माण में उपयोग होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि यह अवैध कारोबार रौनक शर्मा के घर से संचालित हो रहा था। उत्पाद विभाग ने जब्त सामग्री को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
होली से पहले की गई इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रांची के हिनू में अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद
Leave a Comment