Ranchi: झारखंड में आगामी 23 फरवरी को होने वाले नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर रांची सिविल कोर्ट में अवकाश घोषित कर दिया गया है। झारखंड में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों के लिए मतदान होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला न्यायालयों ने भी अवकाश की अधिसूचना जारी कर दी है।
इससे पहले झारखंड हाईकोर्ट ने चुनाव के दिन अवकाश घोषित करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद गुरुवार को रांची सिविल कोर्ट ने भी अधिसूचना जारी कर दी।
इन शहरों में होगा मतदान
राज्य के प्रमुख शहरों जैसे रांची, धनबाद, जमशेदपुर और गिरिडीह समेत अन्य नगर निकायों में मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षद पदों के लिए मतदान होगा।
मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और विशेष रूप से अधिवक्ताओं को मतदान का अवसर देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने भी 23 फरवरी को सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है, ताकि लोग निर्बाध रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।