हजारीबाग: रंगों के त्योहार होली के मद्देनजर जिले का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में 24 घंटे चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SBMCH) के इमरजेंसी वार्ड में अतिरिक्त डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। विशेष रूप से चर्म रोग और नेत्र रोग विशेषज्ञों को तैनात किया गया है, क्योंकि होली के दौरान रंग और गुलाल से त्वचा व आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। एलर्जी, जलन या संक्रमण की स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मारपीट, सड़क दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में घायल लोगों के इलाज के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया जाएगा।
108 एंबुलेंस सेवा भी पूरी तरह सक्रिय रहेगी, जिससे मरीजों को नि:शुल्क अस्पताल पहुंचाया जा सके।
सिविल सर्जन ने लोगों से अपील की है कि होली का त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। नशे और अल्कोहल से दूर रहें तथा सुरक्षित तरीके से रंगों का उपयोग करें, ताकि त्योहार खुशियों के साथ संपन्न हो सके।