Ranchi : झारखंड पुलिस के अपराध अनुसंधान विभाग (CID) को साइबर ठगी के एक बड़े मामले में अहम सफलता मिली है. रांची साइबर क्राइम थाना की टीम ने उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहा था.
सीआईडी के अनुसार, साइबर थाना में दर्ज कांड संख्या 27/26 की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसे व्हाट्सएप पर “Foreground” नाम के एक ग्रुप में जोड़ा गया था. ग्रुप में मौजूद लोगों ने उसे Forex Trading में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया.
शुरुआत में ठगों ने पीड़ित को एक फर्जी वेबसाइट पर नकली लाभ दिखाकर भरोसे में लिया. इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए गए. धीरे-धीरे पीड़ित से कुल 8.52 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई.
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को इस गिरोह के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े मिले. इसके बाद झारखंड CID की टीम ने मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर आरोपी बृजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी के पास से साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड और चेक बुक बरामद किए हैं. फिलहाल CID पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.