रांची: वित्तीय वर्ष 2025-26 खत्म होने में अब केवल तीन दिन शेष हैं, जिसे देखते हुए झारखंड सरकार ने खर्च की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इसी क्रम में 28 मार्च (शनिवार) को भी राज्य के सभी कोषागार खुले रखने का निर्देश जारी किया गया, ताकि लंबित बिलों का जल्द से जल्द निपटारा हो सके।
राज्यभर के कोषागारों में इन दिनों बिल पास करने की रफ्तार काफी बढ़ गई है। अब तक कुल 2,41,068 बिलों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा भुगतान रांची के डोरंडा और प्रोजेक्ट भवन कोषागार से हुआ है।
डोरंडा कोषागार से 19,234 बिलों के माध्यम से 10,879 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। वहीं प्रोजेक्ट भवन कोषागार से 11,607 बिल पास कर 10,271 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों—रांची, धनबाद, गिरिडीह, दुमका और पलामू—में भी बड़े पैमाने पर बिल पास किए गए हैं। इससे स्पष्ट है कि वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में विभाग तेजी से अपने बजट का उपयोग करने में जुटे हैं।
सरकार के इस फैसले से न सिर्फ लंबित भुगतानों का तेजी से निपटारा हो रहा है, बल्कि विभिन्न विभागों को समय पर फंड भी उपलब्ध कराया जा रहा है।